दून वैली टाइम्स | देहरादून
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून आगमन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए प्रदेश सरकार से कई सवालों के जवाब मांगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और प्रदेश में भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष चुप नहीं बैठेगा।
कांग्रेस ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना प्रदेश की जनता की भावनाओं से जुड़ा विषय है। वहीं, प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सरकार को जनता के सामने हर सवाल का जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस ने दोहराया कि जनहित के इन मुद्दों पर उसकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी और भाजपा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
