दून वैली टाइम्स | देहरादून
जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट के नेतृत्व में ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें से 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलो से 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए मिले। स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा गैस निकालने की पुष्टि की और इसका वीडियो साक्ष्य प्रशासन को उपलब्ध कराया।
मौके से गैस स्थानांतरण में प्रयुक्त रिफिलर भी बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया और संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश एवं रटनेश के साथ-साथ ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया।
बरामद सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है। जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी के. के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

