उत्तराखंड में 35 सीटों पर 2027 चुनाव लड़ेगी चिराग पासवान की पार्टी, गठबंधन से किया इनकार

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने चुनावी तैयारियां तेज कीं, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दावा

दून वैली टाइम्स | हरिद्वार

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित मुकाबले के बीच अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राज्य की 35 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा करते हुए फिलहाल किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की संभावना से साफ इनकार किया है।

हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर और प्रदेश महासचिव अंकुर कर्णवाल ने कहा कि संगठन चुनावी तैयारियों में पूरी तरह जुट चुका है और प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जा रहा है।

35 सीटों पर फोकस, उम्मीदवार चयन शुरू

पार्टी नेतृत्व के अनुसार संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्टी का दावा है कि वह उत्तराखंड में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी।

इन मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी, पलायन, जर्जर सड़कें, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और स्थानीय विकास को अपना प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाने की बात कही है।

प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता पारंपरिक राजनीतिक दलों से निराश है और अब ऐसे विकल्प की तलाश में है जो जनसरोकारों के मुद्दों को प्राथमिकता दे।

गठबंधन पर फिलहाल नहीं कोई योजना

गठबंधन के सवाल पर पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में किसी भी दल के साथ चुनावी समझौते पर विचार नहीं किया गया है। यदि भविष्य में इस संबंध में कोई निर्णय लिया जाता है तो अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

बूथ स्तर तक संगठन विस्तार अभियान

पार्टी ने बताया कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक इकाइयों का गठन किया जा रहा है और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है, ताकि चुनावी तैयारियों को समय रहते पूरा किया जा सके।

कांग्रेस भी चुनावी रणनीति में जुटी

इधर, प्रदेश कांग्रेस ने भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी बेरोजगारी, पेपर लीक और अन्य जनसरोकार के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार के रोजगार संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।

उत्तराखंड की राजनीति में चुनाव नजदीक आते ही नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। एक ओर नई पार्टियां अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी हैं, वहीं प्रमुख दल भी चुनावी रणनीति को धार देने में लगे हुए हैं।

— दून वैली टाइम्स

About The Author