4600 ग्रेड पे की मांग पर पीएचक्यू कूच, बैरिकेडिंग पर रोका गया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Listen to this article

देहरादून। वर्ष 2001 और 2022 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने परेड ग्राउंड से पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) तक कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबे समय से लंबित मांग को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े। हालांकि पुलिस ने पीएचक्यू से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारते हुए आगे बढ़ने से रोक दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए, लेकिन पुलिस परिवार से जुड़े सदस्य या पुलिसकर्मियों के परिजन कहीं नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि संभावित विभागीय कार्रवाई की आशंका के चलते पुलिसकर्मियों के परिजनों ने प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी।

सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) भी पूरी तरह सक्रिय रही और पुलिस परिवार से जुड़े लोगों की पहचान कर जानकारी जुटाई गई।

प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए पुलिस मुख्यालय के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2001 और 2022 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर पुलिसकर्मियों के साथ न्याय करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

#DoonValleyTimes

About The Author