देहरादून। उत्तराखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है, जबकि कई नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 से 10 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, चमोली और ऋषिकेश क्षेत्र में मूसलाधार बारिश की संभावना है। इसके साथ ही भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।
राजधानी देहरादून में भी भारी बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवा चल सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आपदा संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम संबंधी ताज़ा अपडेट पर नज़र रखने की सलाह दी गई है।
हाई अलर्ट पर उत्तराखंड: 8 से 10 जुलाई तक कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, तेज़ हवाओं की भी चेतावनी




