विकासनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पशु क्रूरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक गाय को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाते देखा गया। आरोप है कि कुछ दूरी पर गाय को घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली विकासनगर पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और घायल गाय को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान राज डेयरी फार्म, आदूवाला जुड़ली के स्वामी राज कुमार के वाहन के रूप में हुई।
पुलिस ने राज कुमार के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही ट्रैक्टर को सीज करते हुए वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद अब पशु के साथ क्रूरता के मामले में कानूनी शिकंजा कस गया है।
