तपोवन रोड पर तेज रफ्तार सफारी पेड़ से टकराकर पलटी, 18 वर्षीय बालक की मौत

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन रोड पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया। दर्दनाक हादसे में सफारी चला रहे 18 वर्षीय अनिकेत, निवासी रायपुर, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके दो साथी हर्षित और शोएब घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2:25 बजे कंट्रोल रूम को तपोवन रोड स्थित विष्णु लोक के सामने सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर थाने की चीता और मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। वहां टाटा सफारी क्षतिग्रस्त हालत में सड़क पर पलटी हुई मिली।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकाला। घायल हर्षित और शोएब को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने मृतक अनिकेत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।

प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। बताया गया कि सफारी में कुल चार युवक सवार थे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

About The Author