विकासनगर । जुडली आदूवाला से रात में चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस बाइक को विकासनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ बड़ा रामपुर शंकरपुर, थाना सहसपुर निवासी मौ. मुकीम उर्फ मक्की को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को जुडली आदूवाला निवासी सुनील कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि 22 अगस्त की रात उनके घर से UK16E8820 नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
लगातार सुरागरसी के बाद पुलिस टीम ने 24 अगस्त की सुबह करीब 4:15 बजे हरबर्टपुर स्थित अतिथि फार्म हाउस के सामने घेराबंदी कर आरोपी को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी करने और उनके पार्ट्स बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ ही अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी हरबर्टपुर उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल और पीआरडी जवान ऋतिक शामिल रहे।
