उत्तराखंड पुलिस के चौकी प्रभारी की सड़क हादसे में मौत, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो

Listen to this article

ऋषिकेश। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड पुलिस के चौकी प्रभारी की मौत हो गई। शिवपुरी चौकी प्रभारी एसआई विनोद शर्मा की निजी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर एसआई विनोद शर्मा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, एसआई विनोद शर्मा थाना मुनि की रेती के अंतर्गत शिवपुरी चौकी में तैनात थे। वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद देर रात अपनी चौकी लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसआई विनोद शर्मा भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में अपनी सेवाएं शुरू कीं। इससे पहले वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे। वह रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे और नशे के खिलाफ अपने सक्रिय अभियानों के लिए जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे।

घटना के बाद पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

About The Author