देहरादून में बड़ा हादसा: सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदा

Listen to this article

देहरादून, 23 जून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित लालपुल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। बेकाबू बस फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदते हुए एक होटल के गेट से टकराकर रुकी।

घटना में संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हुए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को तत्काल इन्द्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर रोज की तरह काम मिलने का इंतजार कर रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो से अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author