NEET, CBSE और बेरोज़गारी के मुद्दे पर कांग्रेस का जनजागरण अभियान, युवाओं की आवाज़ उठाने का ऐलान

Listen to this article

कोटद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी पर सरकार को घेरा

कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार द्वारा विकासखंड दुगड्डा में आयोजित प्रेस वार्ता में शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर सवाल उठाए गए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी से देश का युवा निराश और हताश है। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर जनजागरण अभियान चलाएगी तथा छात्रों, युवाओं और अभिभावकों के साथ संवाद कर उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाएगी।

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि शिक्षा और रोजगार प्रत्येक युवा का अधिकार है। पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है, जिसके खिलाफ कांग्रेस पूरे प्रदेश में संघर्ष जारी रखेगी।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख रुचि कैंतुरा ने कहा कि NEET पेपर लीक विवाद और CBSE के OSM सिस्टम में सामने आई खामियों ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा उठाए गए सवालों और सामने आई तकनीकी एवं प्रशासनिक गड़बड़ियों से यह स्पष्ट होता है कि करोड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।

प्रेस वार्ता में विधानसभा प्रभारी साबर सिंह नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र रावत, अनिल रतूड़ी, संजय तोमर, राजीव जखमोला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कीर्ति सिंह बिष्ट, सुबोध नेगी, हरेंद्र रावत, राकेश रावत, कुंदन सिंह, महावीर सिंह, लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author