देहरादून, 12 जुलाई | Doon Valley Times
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 17 जुलाई तक का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्यभर में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। कई पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
12 जुलाई (रविवार)
रविवार को देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
13 जुलाई (सोमवार)
सोमवार को बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
14 जुलाई (मंगलवार)
मंगलवार को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
15 जुलाई (बुधवार)
बुधवार को पूरे प्रदेश में बारिश का असर बना रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
16 और 17 जुलाई
गुरुवार और शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 से 17 जुलाई तक पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की सलाह
नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास जाने से बचें।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।
खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों, पहाड़ी सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।




