पुलिस से बचने की कोशिश पड़ी भारी, आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत; पीछा कर रहा कांस्टेबल गंभीर घायल

Listen to this article

हरिद्वार | Doon Valley Times

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस जांच से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक की दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, पथरी थाने में तैनात कांस्टेबल सुशील और चेतन नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार युवक को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भाग निकला। संदेह होने पर कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

कुछ दूरी पर एक मोड़ के पास भाग रहे युवक की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से पहुंच रहे कांस्टेबल सुशील की बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से टकरा गई।

हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल सुशील गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनके पैर में फ्रैक्चर होने के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।

मृतकों की पहचान पथरी क्षेत्र के फेरुपुर निवासी मनोज कुमार और सहारनपुर के होजखेड़ी निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार पतंजलि में कार्यरत था, जबकि अजय के संबंध में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर क्यों भागा और हादसे के समय परिस्थितियां क्या थीं।

About The Author