लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, 2031 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को प्रदेश की महत्वाकांक्षी लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न स्थलों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय स्तर की अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे उत्तराखण्ड सहित कई राज्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यूजेवीएनएल (UJVNL) के प्रबंध निदेशक को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संबंधित संस्थाओं को अगले दो से तीन दिनों में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समय में पूरा करने के लिए आवश्यक मशीनरी और मैनपावर बढ़ाई जाए। साथ ही PERT चार्ट तैयार कर उसके अनुरूप कार्यों की नियमित निगरानी और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की देखरेख में अनिवार्य रूप से कराए जाएं।

मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्था एलएंडटी (L&T) और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को निर्माण स्थल पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षणों को भी शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा परियोजना से प्रभावित लोगों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए. के. सिंह, एलएंडटी के जीएम प्रभु कुमार, परियोजना प्रबंधक विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author