हरिद्वार | Doon Valley Times
हरिद्वार जिले के कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति ने अपने ही सगे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बाजुहेड़ी निवासी किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राजेश सैनी पर फायरिंग कर दी।
करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और एसएसआई राजेश बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में इलाज जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।




