मानसून आपदा पर गढ़वाल आयुक्त सख्त, राहत कार्यों में तेजी और बंद मार्गों को प्राथमिकता से खोलने के निर्देश

Listen to this article

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता राशि देने के निर्देश

देहरादून, 29 जुलाई | दून वैली टाइम्स

मानसून के दौरान गढ़वाल मंडल में बढ़ते आपदा जोखिम को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा अवरुद्ध मोटर मार्गों को युद्धस्तर पर प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए, ताकि आम जनता और राहत एजेंसियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से सरकारी एवं निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही जनहानि एवं पशुहानि की घटनाओं में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलने वाली अहैतुक सहायता राशि निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से नदी, नालों और गाड़-गदेरों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि खतरे की स्थिति बनने पर उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए तथा उनके भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से बचने के लिए नालियों और जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि किसी भी दैवीय आपदा की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। उन्होंने बताया कि सभी जिलों को आपदा राहत मद में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। यदि किसी जनपद को अतिरिक्त धन की आवश्यकता हो तो तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि राहत कार्य प्रभावित न हों। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में वितरित की गई सहायता राशि की भी समीक्षा की।

आयुक्त ने आपदा न्यूनीकरण से जुड़े लंबित प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शासन स्तर पर लंबित सभी प्रस्तावों की अद्यतन जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकें।

चारधाम यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता

चारधाम यात्रा की समीक्षा के दौरान आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोका जाए तथा यात्रियों को सुरक्षित पड़ावों पर ठहराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

About The Author