देहरादून | दून वैली टाइम्स
देहरादून पुलिस ने भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर महिलाओं के गले से चेन चोरी करने वाले पंजाब के अंतरराज्यीय समाना गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पटेलनगर पुलिस ने हरिद्वार बायपास रोड से दबोचा।
पुलिस के अनुसार यह गैंग सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से भागवत कथा व अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद गिरोह की महिलाएं श्रद्धालु बनकर भीड़ में शामिल होती थीं और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन व मंगलसूत्र काटकर बाहर खड़े अपने साथियों के साथ फरार हो जाती थीं।
मामले का खुलासा 10 अगस्त को जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की घटना के बाद हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई और 19 अगस्त को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सोने की चेन, ₹10 हजार नकद, चेन काटने का कटर तथा वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार बरामद की है।
यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर विनोद सिंह गुसाईं के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
