विकासनगर में तीन दिन बाद शक्ति नहर से बरामद हुई कार, युवक की तलाश जारी

विकासनगर। शक्ति नहर में गिरी कार को तीन दिन बाद आखिरकार बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से ही कार और उसमें सवार युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। बृहस्पतिवार देर शाम ढकरानी पावर हाउस के पास सर्च अभियान के दौरान टीमों को कार का पता चला, जिसके बाद क्रेन की मदद से उसे नहर से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद एसडीआरएफ, जल पुलिस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शक्ति नहर में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया था। नहर के तेज बहाव और गहराई के कारण शुरुआती प्रयासों में कार का कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

इसके बाद सभी टीमें अलग-अलग स्थानों पर सर्च अभियान में जुटी रहीं। बृहस्पतिवार देर शाम ढकरानी पावर हाउस के आसपास चलाए गए अभियान के दौरान कार का पता चला। टीम ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला।

हालांकि, कार में सवार डाकपत्थर निवासी युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। युवक की तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

कार बरामद होने के बाद अब पुलिस और बचाव दल का पूरा फोकस युवक की तलाश पर है। नहर के आसपास के संभावित स्थानों के साथ-साथ पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में भी सर्च अभियान जारी रखा गया है।

ऐसे निकाली गई कार

ढकरानी पावर हाउस के पास कार मिलने के बाद मौके पर मौजूद बचाव टीमों ने क्रेन की मदद से वाहन को नहर से बाहर निकाला। कार को बाहर निकालने के दौरान मौके पर पुलिस और बचाव दल के जवान मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *