भारी बारिश के चलते देहरादून में 9 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, डीएम के निर्देश पर आदेश जारी

Listen to this article

देहरादून, 8 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बुधवार, 9 जुलाई 2026 को जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार, 9 जुलाई को देहरादून जनपद में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।

आदेश के तहत जिले के सभी शासकीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About The Author