देहरादून | Doon Valley Times
राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित रूप से अमानवीय यातना देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी से हुई मामूली टक्कर के बाद दो युवकों ने उसे जबरन अगवा कर कई घंटों तक बंधक बनाकर बेरहमी से प्रताड़ित किया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
लालपुल के पास हुई थी टक्कर
पीड़ित युवक, जो जाखन क्षेत्र का निवासी है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की शाम वह लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे अंकुर वाल्मीकि की उससे टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार अंकुर और उसका साथी साहिल भी गिर पड़े।
आरोप है कि टक्कर के बाद दोनों ने युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसे दांतों से काटा गया और जबरन निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित दुकान नंबर-106 में ले जाया गया।
दुकान में घंटों तक दी गईं दर्दनाक यातनाएं
शिकायत के अनुसार, दुकान के अंदर युवक को कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि उसके शरीर पर बिजली का करंट लगाया गया, गर्म लोहे की रॉड से कई जगह दागा गया और उसके गुप्तांग में पेचकस डालकर गंभीर रूप से घायल किया गया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि उसे रात करीब तीन बजे तक बंधक बनाए रखा गया। मौका मिलने पर वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अंकुर वाल्मीकि और साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




