दून पुलिस के शिकंजे में 25 हजार का इनामी भू-माफिया, करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात भू-माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर एक वृद्ध एनआरआई महिला की भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराने तथा राजपुर रोड स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति का सौदा कराने के नाम पर करीब 6.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों और संपत्ति संबंधी मामलों की भी जांच की जा रही है। दून पुलिस की इस कार्रवाई को भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

About The Author