
राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने का कार्यकर्ताओं से आह्वान, 17 जुलाई को देहरादून चले

कालसी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्रीन व्यू होटल बड़वाला में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में चकराता विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में उनके साथ प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष पछुवादून संजय किशोर का कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ की पारंपरिक धुनों, फूल-मालाओं, टोपी और शॉल पहनाकर भव्य स्वागत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का निर्णय ले चुकी है। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण, केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए तथा कहा कि इन मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज तक पीड़िता को न्याय नहीं मिला और मामले में कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने दून घाटी में अवैध खनन, सिंगल विंडो सिस्टम के नाम पर भ्रष्टाचार तथा जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा न करने का भी आरोप लगाया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास के लिए तीन तहसीलों, दो डिग्री कॉलेजों, दो पॉलीटेक्निक संस्थानों, खेल मैदानों, पटवारी चौकियों, अस्पतालों, विद्यालयों, पेयजल एवं विद्युत योजनाओं सहित अनेक विकास कार्य कराए। उन्होंने कहा कि कालसी और चकराता क्षेत्र में गेट सिस्टम हटाने तथा प्रमुख सड़कों के निर्माण का कार्य भी कांग्रेस सरकार के दौरान कराया गया। उन्होंने सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, मनरेगा, इंदिरा आवास योजना और आरक्षण जैसी योजनाओं को कांग्रेस की ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।

प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं से 17 जुलाई को राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चकराता विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करें ताकि प्रीतम सिंह पूरे प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए अधिक समय दे सकें।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि चकराता विधानसभा क्षेत्र की जनता सातवीं बार प्रीतम सिंह को विधायक बनाने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह का कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) में शामिल होना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है और उनके नेतृत्व में लगातार लोग कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पछुवादून संजय किशोर ने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। उन्होंने दोबारा जिला अध्यक्ष बनाए जाने का श्रेय चकराता विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और जनता को दिया तथा कहा कि प्रीतम सिंह हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कालसी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजनों के आशीर्वाद और युवाओं की ताकत के साथ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा तथा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात कार्य किया जाएगा। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चकराता विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत का संकल्प भी दोहराया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, सरदार सिंह चौहान, खत बमटाड़ के सदर स्याणा मातबर सिंह चौहान, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनीता निराला, जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर, विपिन शर्मा, जिला पंचायत प्रत्याशी मंजू राठौर, प्रधान दयाराम शर्मा, खुशीराम शर्मा, मायाराम तोमर, सेवानिवृत्त डीडीओ सरदार सिंह चौहान, सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र शर्मा, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीत चौहान, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सूरज तोमर, खत अठगांव के स्याणा राजेंद्र सिंह तोमर, उमा दत्त जोशी, संजय तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम दत्त वर्मा ने किया।




