सचिवालय के निजी सचिव पर शिक्षिका पत्नी की हत्या का आरोप, शादी के महज 8 माह बाद हुई मौत

Listen to this article

देहरादून | दून वैली टाइम्स

उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात एक कार्मिक पर अपनी सरकारी शिक्षिका पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। विवाह के महज आठ महीने बाद शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है।

नवंबर 2025 में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की पुत्री सृष्टि कंडारी, जो पेशे से सरकारी शिक्षिका थीं, का विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न

मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग और अन्य बातों को लेकर मानसिक, शारीरिक तथा सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू अक्सर सृष्टि का अपमान करते थे और उसे प्रताड़ित करते थे।

ससुर की मौत के बाद बढ़ा उत्पीड़न

परिजनों के मुताबिक, शादी के लगभग तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष ने किसी पंडित की बात का हवाला देते हुए सृष्टि को “मनहूस” कहना शुरू कर दिया और परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। परिजनों का दावा है कि इसके बाद उसकी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना और बढ़ गई।

बेटी से संपर्क टूटा, फिर मिली मौत की खबर

मृतका की मां ने बताया कि काफी समय तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर उन्होंने एक परिचित को ससुराल भेजा। वहां से जानकारी मिली कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी है।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें समय पर घटना की सूचना नहीं दी। पूछने पर व्यस्त होने का कारण बताया गया।

पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा

सीमा कंडारी की शिकायत के आधार पर हर्रावाला चौकी, थाना डोईवाला पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीओ को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता और मुख्य आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव होने के कारण जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(नोट: यह मामला जांच के अधीन है। आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं और आरोपियों का पक्ष तथा जांच के अंतिम निष्कर्ष अभी आना बाकी है।)

About The Author