यूकेडी लीगल टीम का बड़ा ऐलान, गलत बयान प्रसारित करने पर सदस्यता रद्द करने की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की लीगल टीम ने पार्टी के भीतर चल रही कथित अंदरूनी खींचतान के बीच कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यूकेडी से जुड़े नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी के नाम से गलत, भ्रामक या अनधिकृत बयान प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित कार्यकर्ता या पदाधिकारी की पार्टी सदस्यता तत्काल रद्द किए जाने की बात कही गई है।

लीगल टीम ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से पार्टी की अधिकृत जानकारी और निर्णयों को ही सार्वजनिक करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर बयान जारी करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्टी नेताओं का कहना है कि संगठन की छवि और अनुशासन को बनाए रखना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से गलत अथवा भ्रामक बयानों के प्रसार पर सख्त रुख अपनाया गया है।

प्रेस कांफ्रेंस में यूकेडी से जुड़े यशपाल नेगी, कुलदीप सिंह रावत, सुरेंद्र कुकरेती, अर्जुन नेगी सहित अन्य नेताओं ने पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी।

About The Author