दून वैली टाइम्स | हल्द्वानी
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक 20 वर्षीय युवती ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के चलते युवती की जान बच गई। उसे तत्काल सुशीला तिवारी (एसटीएच) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

भाई से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी 20 वर्षीय मुस्कान का किसी बात को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह घर से निकलकर सीधे गौला पुल पहुंची और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी।
लोगों की सतर्कता से बची जान
जैसे ही युवती ने नदी में छलांग लगाई, आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बिना देर किए नदी में उतरकर उसे बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई के कारण युवती की जान बच गई। इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
गौला पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
यह पहला मामला नहीं है। गौला पुल पर पहले भी कई लोग आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं। कुछ समय पहले इसी पुल से एक किशोर ने छलांग लगाकर अपनी जान गंवा दी थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, ऊंची रेलिंग लगाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस की नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




