दून में ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी बनाने की कवायद तेज, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

Listen to this article

देहरादून। जनपद देहरादून में शासकीय कार्यों को पूर्णतः डिजिटल और कागजरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में ई-ऑफिस कार्यप्रणाली के सफल संचालन हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन, फाइल प्रबंधन, पत्राचार, नोटशीट तैयार करने, ऑनलाइन फाइल अग्रसारण, डिजिटलीकरण तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध, प्रभावी एवं कागजरहित बनाना है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के सभी विभागों में शासकीय कार्यों का निष्पादन ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्र में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेंद्र शर्मा ने प्रतिभागियों को वर्चुअल और प्रत्यक्ष माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने ई-ऑफिस पोर्टल पर लॉगिन प्रक्रिया, ई-फाइल निर्माण, दस्तावेज अपलोड, डिजिटल हस्ताक्षर, फाइल ट्रैकिंग और ऑनलाइन अनुमोदन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने से कार्य निष्पादन में तेजी आएगी, कार्यालयों की कार्य संस्कृति अधिक व्यवस्थित होगी तथा अभिलेखों का सुरक्षित और सुगम रख-रखाव संभव हो सकेगा। जिला प्रशासन ने सभी विभागों से निर्धारित समयावधि में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से अपनाने की अपील की है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल तथा प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जनपद के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

About The Author