देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने विधानसभा राजपुर रोड के बलबीर रोड स्थित रैन बसेरे में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की। यह कार्यक्रम पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति पूजन और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। प्रकृति का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और सभी उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर देहरादून महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में हरित उत्तराखंड और स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प को दोहराते हुए लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया।





